भदोही जिले की कोइरौना पुलिस की मंगलवार की रात पैगहां गांव के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस की गोली से पांच हजार का इनामी बदमाश प्रयागराज बिलारी गांव निवासी संदीप यादव घायल हो गया। उसके साथ दो अन्य बदमाश प्रयागराज का ही भेलसी गांव का जयप्रकाश यादव और एक 17 वर्षीय किशोर गिरफ्तार किया गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाशों के पास से बाइक, तमंचा और अन्य सामान बरामद किया गया।
क्या है पूरा मामला
कोइरौना थानाध्यक्ष रामनगीना यादव अपनी टीम संग रात्रि में लगभग एक बजे गश्त पर थे। सीतामढ़ी की ओर से एक बाइक को देखकर पुलिस ने बारीपुर नहर के पास बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बाइक की गति बढ़ा दी। थानाध्यक्ष ने मोबाइल टीम को सूचना देकर उनका पीछा किया तो पीछे बैठे किशोर ने पुलिस वाहन पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में बीच में बैठे संदीप यादव के पैर में गोली लगी। इससे बाइक चालक लड़खड़ाकर सड़क किनारे गिर पड़ा और तीनों लुढ़ककर गड्ढे में जा गिरे।
इसे भी पढ़ें; Sports: ओलंपियन ललित उपाध्याय बोले- यूपी कॉलेज में दोबारा बने हॉकी का साई सेंटर, खेल की खबरें
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि तीनों बदमाश लूट, छिनैती और चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। घायल बदमाश पर प्रयागराज, भदोही के विभिन्न थानों में लूट, छिनैती, चोरी के 12 मुकदमे दर्ज हैं। उनके पास से एक बाइक, 12 बोर का एक तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस, प्लास, पेचकस और चाकू बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घायल बदमाश को डीघ सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पड़ोसी जनपद के होने के की वजह से वह भदोही के सीमावर्ती दुकानों, लूट आदि की घटनाओं को अंजाम देते हैं। उसके साथियों से पूछताछ की जा रही है।