ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को जिले में कोरोना के तीन संक्रमित मरीज फिर मिले। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों को आइसोलेशन में भेज दिया। इसी के साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2080 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर बुधवार को मिली रिपोर्ट के मुताबिक गोपीगंज क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी एक युवक, ज्ञानपुर नगर के पटेल नगर निवासी 33 वर्षीय महिला और औराई का एक किशोर पॉजिटिव पाया गया। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि तीनों को आइसोलेट करा दिया गया है। दूसरी ओर तीन कोरोना मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। वे स्वस्थ हो गए। अब तक 1967 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। गौरतलब है कि अब तक 81524 लोगों का स्वैब जांच कराया जा चुका है, जिनमें से 80009 की जांच रिपोर्ट विभाग को मिल चुकी है। यद्यपि 68 मरीज अब भी एक्टिव हैं।