ज्ञानपुर। चौरी बाजार के किराना कारोबारी शिव प्रसाद जायसवाल पर जानलेवा हमला करने वाले तीन शातिर अपराधियों को क्राइम ब्रांच और पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर तमंचा, कारतूस और मोटर साइकिल बरामद किया गया है। गैंग में शामिल तीन आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को पत्रकारों से रूबरू होकर एसपी रामबदन सिंह ने घटना का अनावरण किया। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी की रात को चौरी बाजार में किराना कारोबारी शिव प्रसाद जायसवाल के ऊपर तमंचा सटाकर छह नकाबपोश बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। उस दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया था। मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद चौरी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम गठित कर मामले का खुलासा करने की जिम्मेदारी दी गई। फुटेज के आधार पर पहचान कर 27 जनवरी को पुलिस और क्राइम ब्रांच ने आरोपी सूरज यादव निवासी रजपुरा, दीपक यादव निवासी सोनहर और रितेश यादव निवासी मलेथू सुरेरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि लूट की नीयत से वह दुकान पर पहुंचे थे, लेकिन व्यापारी के प्रतिरोध के चलते घटना को अंजाम नहीं दे सके। गैंग के लोगों ने दो माह पूर्व एक सराफा कारोबारी की डिग्गी को तोड़कर चांदी और सोने के आभूषण की छिनैती की थी। एसपी ने बताया कि घटना में शामिल तीन अन्य अभियुक्त विकास गौतम निवासी मूसी, श्यामसुंदर गौड़ निवासी अकोढ़ा और कमलेश गौड़ निवासी फूलपुर जिला जौनपुर अब भी फरार हैं। उनकी गिरफतारी के लिए टीम को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि गैंग में शामिल आरोपियों के खिलाफ कई थानों में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी टीम में स्वाट प्रभारी अजय सिंह, सचिन झा, नरेंद्र बहादुर सिंह, सुनील कन्नौजिया, चौरी एसओ सूर्यभान, अखिलेश्वर सिंह यादव, राम प्रवेश सिंह आदि रहे।