किराए के विवाद में कार चालक हत्या मामले में पुलिस ने रविवार को रिश्तेदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी किराए पर कार लेकर विंध्याचल गए थे और किराए के विवाद में हत्या कर दी।
लगभग सात दिन पूर्व किराए के विवाद में हत्या कर फेंके गए कार चालक मुरलीधर प्रजापति मामले में पुलिस ने रविवार को रिश्तेदार नागेंद्र सिंह निवासी पचवल-ज्ञानपुर, मुख्य हत्यारोपी पुष्पांजलि सिंह, रजत सिंह निवासी मधुपुर गगेहटी प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रतापगढ़ के इब्राहिमपुर-हथिगवा निवासी रमेशचंद्र प्रजापति ने चार दिन पहले औराई पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया था कि पुष्पाजंलि सिंह और रजत सिंह ने स्विफ्ट डिजायर कार किराए पर लेकर विंध्याचल दर्शन-पूजन करने गए थे। किराए के विवाद में कार चालक मुरलीधर प्रजापति की गला दबाकर हत्या कर दी गई और राज को छिपाने के लिए बभनौटी-बाड़ी स्थित एक सुनसान स्थल पर शव फेंक कर भाग गए। कार मालिक ने फोन कर बताया कि चालक का शव औराई थाना क्षेत्र में मिला है। जानकारी होने पर मृतक की शिनाख्त की गई।
प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने कहा कि तहरीर पर चार अगस्त को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। गिरफ्तार हत्यारोपी पुष्पांजलि सिंह, रजत सिंह और रिश्तेदारी में मामा लगने वाले नागेंद्र सिंह ने जुर्म स्वीकार कर लिया है।