भदोही। ठगी करने वाले भोले भाले ग्रामीणों को ठगने के नित नए नए तरीके अपना रहे हैं। सीधे सादे लोग ठगों के चंगुल में फंस कर हजारों रुपये गंवा रहे हैं। ताजा मामला बृहस्पतिवार को भदोही ब्लॉक के ग्राम मुड़ियापुर में हुआ, जहां दोपहर में एक स्कूटी से आए दो युवकों ने लोगों को पांच रुपये में नया सिमकार्ड देने के साथ ही दो महीने तक इनकमिंग और आउटगोइंग और प्रतिदिन दो जीबी इंटरनेट डेटा देने के नाम पर आधार कार्ड वेरीफाइ कराकर लोगों के बैंक खातों से हजारों रुपये उड़ा दिए।
गांव में लगभग छह लोग ठगों के चंगुल में फंस गए। लोगों ने बताया कि घर पर केवल महिलाएं और बच्चे थे। स्कूटी सवारों ने महिलाओं को नया सिम देने के बहाने आधार कार्ड मांगा। उनके ऊंगलियों के निशान मशीन पर लेकर रोशनी पत्नी मिठाई लाल, सुनीता पत्नी विपिन, मंजू देवी पत्नी गंगाराम के खाते से 10-10 हजार और विजय कुमारी पत्नी भोलानाथ और शिवजीत पुत्र अगनू के खाते से एक एक हजार रुपये उड़ा दिए। लोगों ने बताया कि ठगों ने उन्हें पांच रुपये में इनकमिंग और आउटगोइंग फ्री सेवा के साथ प्रतिदिन दो जीबी डेटा देने का सब्जबाग दिखाया था।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई और निशाना बनाया लेकिन उनके खाते में संयोग से रुपये नहीं थे। बैंकों से रुपये डेबिट होने के मैसेज आने पर गांव में खलबली मच गई, लेकिन तब तक स्कूटी सवार वहां से जा चुके थे। ग्रामीणों ने कहा कि रुपये जिन बैंक खातों में भेजे गए हैं, यदि उनकी जांच की जाए तो ठग पकड़े जा सकते हैं।