घोसिया बाजार में सर्राफा की खरीददारी करते लोग। संवाद
नगर के सर्राफा बाजार में इन दिनों सोने-चांदी के दाम में उतार-चढ़ाव जारी है। दाम अधिक होने के कारण ग्राहक संभलकर खरीदारी कर रहे हैं।
हालांकि, कारोबारियों को आगामी दिवाली और लगन के सीजन में बाजार में राैनक लौटने की उम्मीद है। कुछ सर्राफा कारोबारी आकर्षक उपहार व इनाम रखकर ग्राहकों को लुभाने के प्रयास में जुटे हैं।
गोपीगंज के सर्राफा कारोबारी व स्वर्णकार समाज सेवा समिति सदस्य विजय चंद उमरवैश्य ने बताया कि इस बार धनतेरस और दिवाली के अवसर पर ग्राहकों को विशेष उपहार भी दिया जाएगा।
ग्राहकों को आभूषण बनवाने पर 10 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। इसके अलावा डायमंड की खरीद पर 25 हजार के खरीद का एक कूपन दिया जाएगा।
जिसमें लकी ड्राॅ के माध्यम से ग्राहकों को उपहार दिए जाएंगे। बताया कि महंगाई के कारण लोग नए गहने नहीं बनवा पा रहे।
दिलीप बरनवाल, सर्राफा कारोबारी, घोसिया ने कहा किअधिकांश लोग पुराने गहनों को बदलकर ही नया आभूषण बनवा रहे हैं।
धनतेरस, दीपावली जैसे पर्व में चांदी के सिक्कों के अधिक बिकने की संभावना है।
कारोबार संतोषजनक है। भाव में नरमी आने से लोग दोबारा दुकानों का रुख करने लगे हैं। आगामी त्योहार पर बाजार में अच्छे ग्राहक रहने की पूरी उम्मीद है।