कालीन नगरी में यातायात नियमों को लेकर पुलिस सख्त हो गई है। यातायात नियमों के साथ खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। यातायात माह शुरू होने के दूसरे दिन ही 405 वाहनों का चालान किया जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया।
पुलिस लाइन में बुधवार को यातायात माह शुरू करने के साथ ही एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को सख्ती बरतने के निर्देश दिए। अभियान के दूसरे दिन ही नियमों को तोड़ने वालों पर पुलिस सख्त हो गई। सड़क के किनारे गलत दिशा में खड़े वाहनों, ओवर स्पीड और नो पार्किंग के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। दिन भर में 405 वाहनों का चालान किया गया। यातायात प्रभारी शशिकांत यादव ने गोपीगंज, ज्ञानपुर और भदोही में चालकों को जागरूक किया। नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, अवयस्क को वाहन न चलाने देने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, दो पहिया वाहनो पर हेलमेट का प्रयोग करने, वाहनों को ओवर लोड न चलाने आदि को लेकर जागरूक किया।