ज्ञानपुर। काशी नरेश विश्वविद्यालय में एमए, एमएससी और एमकॉम में प्रवेश के लिए सोमवार को तीसरी वरीयता सूची जारी कर दी गई। 16 विषयों में अभ्यर्थियों को सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि तीन विषयों में मेरिट के आधार पर दाखिले होंगे।
वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थी 30 सितंबर तक ऑनलाइन शुल्क जमा कर प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश का समय सुबह 10:30 से दोपहर 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रवेश संयोजक प्रो. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि प्राचीन इतिहास, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, दर्शनशास्त्र, मध्यकालीन इतिहास, राजनीतिशास्त्र, मनोविज्ञान, संस्कृत, गणित, चित्रकला, समाजशास्त्र, भूगोल, गृह विज्ञान, हिंदी, भौतिक विज्ञान और एमकॉम में सीधे प्रवेश होंगे।
वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान और जंतु विज्ञान में सामान्य, पिछड़ा, ईडब्ल्यूएस और अनुसूचित जाति वर्ग की अलग-अलग मेरिट बनाई गई है।
वनस्पति विज्ञान में सामान्य वर्ग के लिए 65.45 से 63.89 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग में 63.79 से 61.12 प्रतिशत तक मेरिट है। एससी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। रसायन विज्ञान में सामान्य वर्ग की मेरिट 65.39 से 63.84 प्रतिशत और पिछड़ा वर्ग की 63.61 से 62.37 प्रतिशत है।
एससी वर्ग के सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा, जबकि ईडब्ल्यूएस की सीटें भर चुकी हैं। जंतु विज्ञान में सामान्य वर्ग की मेरिट 68.68 से 68.56 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग की 67.21 से 66.55 प्रतिशत और एससी वर्ग की 58.35 से 56.92% है।
ईडब्ल्यूएस की सीटें भर चुकी हैं। वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र, हाईस्कूल, इंटर और स्नातक की अंकतालिका, टीसी, चरित्र प्रमाणपत्र और एंटी रैगिंग शपथपत्र साथ लाना होगा।