ज्ञानपुर। औराई और भदोही के बाद अब ज्ञानपुर तहसील के घरांव में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनेगा। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने 26 करोड़ का स्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया है। यहां पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसमें करीब दो हजार बच्चों का नामांकन होगा।
जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। काॅन्वेंट विद्यालयों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले की तीन तहसीलों में एक-एक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनने हैं। औराई ब्लाॅक के गिर्दबड़गांव में स्कूल भवन का निर्माण कार्य करीब डेढ़ साल से चल रहा है, जबकि भदोही के बहरैची में भी पांच महीने पूर्व काम शुरू हो गया। शासन के निर्देश पर ज्ञानपुर के घरांव में जमीन चिह्नित कर स्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक की कक्षाएं चलाई जाएंगी। पांच से छह एकड़ भूमि पर विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग ट्रेनिंग, लैंग्वेज, मैथ्स, साइंस व कंप्यूटर लैब, हॉल, खेलकूद का मैदान, मॉड्यूलर किचन, डाइनिंग हॉल के साथ, सीसीटीवी कैमरे, सोलर पैनल आदि आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। औराई के गिर्दबड़गांव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण करीब 70 फीसदी तक पूर्ण हो गया है। बहरैची में भी पिलर का काम शुरू है। अक्तूबर से नवंबर तक घरांव में भी काम शुरू होने की उम्मीद है। बीएसए शिवम पांडेय का कहना है कि औराई के गिर्दबड़गांव और भदोही के बहरैची में सीएम कंपोजिट मॉडल विद्यालय भवन का निर्माण चल रहा है। घरांव का स्टीमेट बनाकर भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर काम शुरू होगा। शासन की प्राथमिकता में शामिल होने के कारण नोडल अफसर व डीएम शैलेष कुमार हर महीने विद्यालय का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट लेते हैं।