गोपीगंज। कोतवाली के नथईपुर क्षेत्र में प्रार्थना पत्र की जांच करने पहुंचे लेखपाल के साथ मारपीट करने, बाइक की चाबी निकालने, सरकारी अभिलेख छीनकर फाड़ने और बंधक बनाने का आरोप लगा है। पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर गोपीगंज पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बलीपुर निवासी सुरेश कुमार सिंह नथईपुर क्षेत्र में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। तहरीर के अनुसार 13 अगस्त को करीब 2:45 बजे वह दिलीप गिरि उर्फ करिया की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। वहां दिलीप गिरि व उसके भाई संजय गिरि और दूसरे पक्ष के अजय यादव मौजूद थे। आरोप है कि जांच शुरू होने से पहले ही दिलीप और संजय अपने पक्ष में रिपोर्ट लगाने का दबाव बनाने लगे।
मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लेखपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि वह बचने के लिए भागने लगे तो दिलीप ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और सरकारी अभिलेख छीनकर फाड़ दिए। इसके बाद उन्हें बंधक बना लिया गया। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि मामले में दिलीप गिरि उर्फ करिया और संजय गिरि पुत्रगण दाऊल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।