गोपीगंज के भगवतपुर में चोरी के बाद बिखरा सामान। संवाद
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के भगवतपुर मोहल्ले में शनिवार की रात मकान की खिड़की तोड़कर चोरों ने सामान पर हाथ साफ कर दिया। रविवार को पुलिस ने मौका-मुआयना किया। परिवार के सभी सदस्य तीन महीने से मुंबई में रहते हैं। चोरी में क्या-क्या सामान गए हैं परिवार वालों के आने पर ही पता चलेगा।
भगवतपुर निवासी दीपक शुक्ला और अरुण शुक्ला का परिवार करीब तीन माह से मुंबई में रह रहा है। इससे मकान बंद पड़ा हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने शनिवार की रात खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरों के ताले तोड़कर गहने, कपड़े आदि उठा ले गए। रविवार की सुबह दीपक शुक्ला के भतीजे आनंद उर्फ दिनेश शुक्ला की नजर टूटी खिड़की पर पड़ी तो वह अवाक रह गए। नजदीक जाने पर पता चला कि कमरे के ताले भी टूटे हैं। सूचना मिलने पर पीआरवी ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। क्षेत्र में 10 दिनों के अंदर चोरी की यह तीसरी वारदात है। पूर्व की घटनाओं में पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि परिवार वालों के आने पर ही चोरी का आकलन हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।