ज्ञानपुर। नगर के शीतल पाल तिराहे के समीप स्थित सहज जन सेवा केंद्र का बृहस्पतिवार की रात ताला तोड़कर चोरों ने हजारों के सामान चुरा ले गए। सीसी कैमरे में चोरी कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
नई तहसील रोड राजा बाजार निवासी शिव मोदनवाल का सहज जन सेवा केंद्र है। उसका बेटा पवन कुमार उसे चलाता है। पवन ने बताया कि प्रतिदिन की तरह वह बृहस्पतिवार की शाम को दुकान बंद कर घर में सोने चला गया। देर रात आए चेार ताला तोड़कर दो लैपटाप, 40 हजार नकद, मोबाइल आदि उठा ले गए। कुछ सामान घर के बगल सीढ़ी पर मिला जबकि आधार कार्ड, दोनों लैपटाप काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में बरामद हुआ। तिराहे के समीप बबलू अंडा वाले की दुकान का भी ताला तोड़कर चोर कुछ सामान और नकदी उठा ले गए। चोरों ने प्रकाश बीज भंडार का ताला तोड़ा, लेकिन उसमें कोई सामान चोरी नहीं हुआ। नगर के बीचों-बीच चोरी की घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि दुर्गागंज तिराहे के साथ शीतल पाल तिराहे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है, लेकिन वे रात होते ही चले जाते हैं। जिससे चोर सक्रिय हो जाते हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद तिवारी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे में चोरों का चेहरा कैद हो गया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
-
गृहिणी के आशियाने में लगी आग, गृहस्थी खाकफोटो: 07
सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के भभौरी गांव में बृहस्पतिवार की देर रात प्रेमकुमारी पत्नी काशीनाथ पांडेय के रिहायशी मड़हे में अबूझ हाल में आग लग गई। इसमें मड़हे में रखा घरेलू सामान, कपड़े, चारपाई, पलंग, साड़ियां, चार क्विंटल गेंहू, सरसों, चावल, पानी की टंकी, कुर्सी आदि जलकर नष्ट हो गया। रात होने के चलते आग बुझाने में देर हुई। पीड़िता ने कोइरौना थाने में लिखित तहरीर दी है। गांव के अतुल कुमार पांडेय ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग जिलाधिकारी से की है।