नईबाजार। भदोही कोतवाली अंतर्गत नगर के वार्ड नंबर पांच लोहिया नगर में बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन शौचालय की टंकी में गिर कर एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर का शव टंकी से बरामद कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि नईबाजार के ही नेहरू नगर निवासी हरिश्चंद्र उर्फ गुल्लू पुत्र राजमणि टंकी वाले प्रांगण में ही दूसरा काम कर रहा था। मिर्गी आने से टंकी में गिर गया। वहां दूसरा कोई नहीं था इसलिए उसे बचाया नहीं जा सका।
शमसीर पाने वाले ने हरिश्चंद्र को अपने यहां मजदूरी पर लगाया था। वहां जहां काम कर रहा था वहां कोई अन्य व्यक्ति काम नहीं कर रहा था। उसी प्रांगण में नए शौचालय के लिए टंकी भी बना था। जिसमें नाली से रिस कर लगभग दो फीट तक पानी भरा हुआ था। लोगों ने बताया कि जब मजदूर काम करता नहीं दिखा तो लोग उसे ढूंढने लगे। काफी देर के बाद भी वह न मिला तो लोग सोचे कहीं चला गया होगा। लेकिन इसी बीच किसी की नजर शौच के टंकी में गई तो देखा उसका शव पड़ा हुआ था।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन की। कोतवाल सदानंद सिंह ने बताया कि मृतक को मिर्गी की बीमारी थी। समझा जा रहा है कि टंकी के पास ही काम करते मिर्गी आने से वह टंकी में गिर पड़ा। चूंकि वहां कोई और नहीं था इसलिए किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी और टंकी में ही उसकी मौत हो गई। बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।