नैनी(प्रयागराज)भदोही । औद्योगिक क्षेत्र थाना के भरौहा के पास रेलवे लाइन पर 29 अक्तूबर को सिक्योरिटी गार्ड अरुण तिवारी की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी। पुलिस ने रविवार को पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के बाद मृतक के पिता ने पत्नी और प्रेमी बहनोई पर शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी अरुण कुमार तिवारी औद्योगिक थाना क्षेत्र के भरौहा गांव में किराये का मकान लेकर अपनी पत्नी खुशबू तिवारी के साथ रहता था। वह सिविल लाइंस में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। बीते 29 अक्तूबर की सुबह एक अज्ञात युवक का शव भरौहा गांव में रेलवे लाइन के किनारे पाया गया था।
बाद में खुशबू तिवारी ने उसकी शिनाख्त अपने पति अरुण तिवारी के रूप में की थी। मृतक के पिता राम शृंगार तिवारी ने पुलिस को तहरीर देकर अरुण की हत्या में पत्नी खुशबू पर शक जाहिर किया था।
पत्नी और प्रेमी बहनोई पर मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान शक सही साबित होने पर पुलिस ने खुशबू को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तब मामले का खुलासा हो गया।
उसने पुलिस को बताया कि उसका संबंध अपने चचेरी बहन के पति भदोही जिले सुरियावां थाने के बिहियापुर निवासी मनोज तिवारी से काफी दिनों से था। इसका पति विरोध करता था। उसे रास्ते से हटाने के लिए उसने मनोज पर दबाव बनाया था। मनोज ने 28 अक्तूबर की रात जब अरुण ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला तो मनोज ने योजना के मुताबिक अरुण को रास्ते में रोककर पहले शराब पिलाई।
उसके बाद उसे रेलवे लाइन के किनारे ले जाकर पत्थर से उसका सिर कूंचकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मनोज को भी रविवार को बीपीसीएल कंपनी के समीप से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष कुशल कुमार तिवारी का कहना है कि खुशबू और उसके प्रेमी मनोज तिवारी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।