ज्ञानपुर। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 14 जून को इस वर्ष भी ज्ञानपुर के महाराजा चेत सिंह चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगेगा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सुबह आठ बजे शिविर का शुभारंभ होगा। शिविर में आने वाला कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।
महाराजा चेत सिंह चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि एक मनुष्य का रक्त दूसरे का जीवन बचा सकता है। इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। 18 से 65 वर्ष के बीच का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से कोई नुकसान नहीं होता। रक्तदान के 24 से 48 घंटे के अंदर रक्त बन जाता है। प्रत्येक तीन माह के बाद रक्तदान किया जा सकता है। रक्तदान महादान है। इसलिए हर किसी को जो स्वस्थ है उसे रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान से कोई बीमारी नहीं होती। आपका रक्त कई घटकों में विभाजित किया जाता है और आप एक नहीं चार मरीजों की जान बचा सकते हैं।