ज्ञानपुर के जिला अस्पताल में मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाते सांसद वीरेंद्र सिंह।
गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से जिले को मिली दो मोबाइल एंबुलेंस को रविवार को सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने जिला अस्पताल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों एंबुलेंस में दो-दो चिकित्सक, नर्स के साथ महत्वपूर्ण दवाएं भी रहेंगी। यह जिले के 40 गांवों को चयनित कर वहां के घर-घर पहुंचकर लोगों का उपचार करेगी।
महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय परिसर में रविवार को मुफ्त सचल चिकित्सा वाहन के शुभारंभ पर बतौर मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह सुविधा सीधे गरीबों, असहायों के लिए समर्पित है।
आम आदमी को सीधा लाभ इससे मिलेगा। जिले के ऐसे गांव के लिए यह चिह्नित होगा, जहां से सीएचसी, पीएचसी 10 से 12 किमी दूर होते हैं। भविष्य में जिले में संख्या बढ़ेगी।
सीएमओ डॉ. डीके सोनकर ने कहा कि यह व्यवस्था सराहनीय है। आम आदमी के सहयोग से मोबाइल एंबुलेंस बेहतर सेवा देगी। गेल के डीजीएम सीएन यादव ने कहा कि आज भी कई इलाके ऐसे हैं जहां से लोगों को अस्पताल पहुंचने में मुश्किल होती है। इसे लेकर लोगों में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक और संचालन शैलेंद्र दूबे ने किया। इस मौके पर प्रदीप सिंह, मनीष पांडेय, नागेंद्र सिंह, छत्रपति सिंह, सपना दूबे, संतोष पांडेय, सर्वेश पाल, तरुण मिश्र, गेल इंडिया के जीएम एससी वर्मा, एरिया मैनेजर आलोक, गौरीशंकर, शशांक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।