सूबे के कारागार राज्य मंत्री रामपाल राजवंशी ने कहा कि बंदी रक्षकों की कमी को दूर करने के लिए जेलो में जल्द ही खाली पदों को भरा जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री से वार्ता हो गई है। कैदियों के लिए जेलों में लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही है।
मिर्जापुर से लौटते समय ज्ञानपुर स्थित गेस्ट हाउस में कुछ समय के लिए रुके। यहां पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार जेलों की सुरक्षा को चाक चौबंद करने के लिए मेटल डिटेक्टर लगवा रही है। कैदियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्यूरीफायर, वाटर कूलर लग रहे हैं। खान-पान में मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं बेहतर की जा रही हैं। कैदियों को बातचीत के लिए जेलों में पीसीओ स्थापित हो रहे हैं। जिससे वह अपने परिवार वालों से बातचीत कर सकेगा, हालांकि बातचीत के दौरान उन पर नजर रखी जाएगी। जिला कारागार में क्षमता से तीन गुने कैदियों की संख्या के सवाल पर कहा कि नई जेल के लिए जमीन खोजी जा रही है। जमीन मिलने के बाद बड़ी जेल बनाई जाएगी। नामित सभासद बंशीधर गुप्ता और जेल विजिटर जफर अंसारी ने कारागार मंत्री का स्वागत किया।