घोसिया। पूर्वोत्तर रेलवे के स्पेशल रैक से आक्सीजन का तीसरा लोड बृहस्पतिवार को सुबह लगभग आठ बजे माधोसिंह कानकोर डिपो पहुंचा। रेल और औषधि नियंत्रक अधिकारियों, पुलिस की निगरानी में दो वैगन में भरे 40 एमटी आक्सीजन को टैंकर में अनलोडिंग कराकर वाराणसी, सोनभद्र के लिए रवाना कर दिया।
इस संबंध में वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक वाराणसी रेल मंडल रोहित गुप्ता ने बताया कि पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से आने वाले लोड को मंडुआडीह-प्रयागराज रेल खंड के माधोसिंह कानकोर डिपो तक निर्बाध गति से पहुंचाने के लिए रूट को हाईअलर्ट मोड में रखा गया है। इसके साथ ही इनसाइडिंग में किसी तरह की दिक्कत न आए इसके लिए कानकोर डिपो को ग्रीन जोन में शामिल कर अनाधिकृत लोगों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित किया गया है। औषधि नियंत्रक वाराणसी एमके गुप्ता ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण काल में आम जनजीवन को आक्सीजन की कमी से जूझना पड़ रहा था 40 फीसद लोग प्रभावित होकर सरकारी-निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। मंडलीय अधिकारियों की डिमांड पर आक्सीजन का लोड पहुंचाने में रेलवे प्रशासन अग्रणी भूमिका निभा रहा है। 40 एमटी में 25 टन डीआरडीओ वाराणसी और 15 टन सोनभद्र का आवंटन होने से अनलोडिंग कराकर टैंकरों को प्लांट के लिए रवाना करा दिया गया है। इस मौके पर उपायुक्त हरेंद्र सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर सौरभ दुबे आदि रहें।