मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही का दोषी मानते हुए दो पुलिसकर्मियों को एक साल की कैद की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोनों दोषियों पर दो-दो हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया। दोनों पुलिसकर्मियों की अभिरक्षा में रहते हुए चोरी का अभियुक्त फरार हो गया था।
जिले के दुर्गागंज थाने की पुलिस ने 11 दिसंबर 2011 को चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि इस बीच दुर्गागंज थाने में तैनात आरक्षियों की लापरवाही के कारण चोर खांसी और बीमारी का बहाना बनाकर फरार हो गया।
प्रकरण की जांच में दुर्गागंज थाने में तैनात पुलिसकर्मी बच्चन सिंह यादव निवासी मलहर, चकिया और रविंद्र कुमार निवासी महुरा, धीना जिला चंदौली की लापरवाही सामने आई।
दोनों पर कर्तव्य के प्रति लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के बाद दोनों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया। करीब 14 साल चले मामले के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों को दोषी पाया। कोर्ट ने दोनों को एक-एक साल की कैद की सजा सुनाई। वहीं दोनों पर दो-दो हजार रुपये जुर्माना भी लगाया।