मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दो पुलिसकर्मियों को एक-एक साल की सजा सुनाई। बताया जा रहा है कि पुलिस अभिरक्षा से दुर्गागंज थाने के लॉक अप से 2011 में बीमारी का बहाना बनाकर चोर भाग गया था। मामले को लेकर लापरवाही का मुकदमा दर्ज हुआ था और अब कोर्ट ने इस पर निर्णय दिया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही का दोषी मानते हुए दो पुलिसकर्मियों में एक साल कैद की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोनों दोषियों पर दो-दो हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया। दोनों पुलिसकर्मियों की अभिरक्षा में रहते हुए चोरी का अभियुक्त फरार हो गया था।
विज्ञापन
जिले के दुर्गागंज थाने की पुलिस ने 11 दिसंबर 2011 चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि इस बीच दुर्गागंज थाने में तैनात आरक्षियों की लापरवाही के कारण चोर खांसी और बीमारी का बहाना बनाकर फरार हो गया।
प्रकरण की जांच में दुर्गागंज थाने में तैनात पुलिसकर्मी बच्चन सिंह यादव निवासी मलहर, चकिया और रविंद्र कुमार निवासी महुरा, धीना जिला चंदौली की लापरवाही सामने आई। दोनों के ऊपर कर्तव्य के प्रति लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के बाद दोनों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया।
विज्ञापन
करीब 14 साल चले मामले के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों को दोषी पाया। कोर्ट ने दोनों को एक-एक साल की कैद की सजा सुनाई। वहीं दोनों पर दो-दो हजार रुपये जुर्माना भी लगाया।