विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर डीएम को ज्ञापन देकर निकलते शिक्षक।
ग्रीष्मावकाश में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना चलाने को लेकर शिक्षक लामबंद हो गए हैं। सोमवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मिलकर गर्मी की छुट्टियों में एमडीएम संचालन बंद कराने की मांग की। डीएम ने आश्वासन दिया कि इस मामले में उच्चाधिकारियों से बात करेंगे।
संगठन जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि अप्रैल महीने में गर्मी के चलते विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति 10 से 15 फीसदी रह गई थी।
गर्मी में 43 डिग्री तापमान में कोई विद्यालय नहीं आना चाहता। ज्यादातर बच्चे अपने रिश्तेदारी और अन्य स्थानों पर चले गए हैं, लेकिन शासन की ओर से विद्यालयों में एमडीएम का संचालन कराने के लिए कहा गया है। 2011 में इसी तरह की व्यवस्था प्रभावी की गई थी, जिसमें काफी धांधली सामने आई थी। उन्होंने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षक विद्यालयों में एमडीएम बनाने का बहिष्कार करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में घनश्याम यादव, हरिश्चंद्र पाठक, समरजीत यादव, मनोज उपाध्याय, मनोज शुक्ला, सूर्यकांत मौर्य, केके मौर्य, वंशराज मौर्य, सुभाष पाल, अरुण कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।