गोपीगंज। डीघ ब्लॉक के बसगोती मवैया में शुक्रवार को आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में देशभर से आए पहलवानों ने दो-दो हाथ किया। पहलवानों के दांव-पेंच देखकर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। पहचान एक से बढ़कर एक दांव-पेंच अपनाकर एक-दूसरे को पटखनी देते नजर आए।
कोनिया के बसगोती मवैया गांव में पंचमुखी हनुमान मंदिर पर आयोजित कुश्ती में काफी दूर-दूर के पहलवानों ने हिस्सा लिया और जमकर अपनी कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। कुश्ती में सबसे ज्यादा रोमांचक धर्मेंद्र सिंह वाराणसी और सूरज झांसी के बीच का मुकाबला रहा। जिसमें बनारस के धर्मेन्द्र ने सूरज को चारों खाने चित कर दिया। इसी तरह भगवान दास अयोध्या और दीपक वाराणसी के बीच भी कांटे का मुकाबला हुआ। आखिरी समय तक कोई हार मानने को तैयार नहीं था। हालांकि अंत में भगवान दास ने दीपक को जबदस्त पटखनी दी। वहीं दिलावर बलिया तथा रामबाबू गिर्दकोट के बीच कुश्ती में रामबाबू विजेता हुए। वहीं राणा मिर्जापुर और संतोष अयोध्या के कुश्ती में राणा मिर्जापुर विजेता घोषित हुए। दंगल में 25 नामी गिरामी पहलवानों ने प्रतिभाग किया। दंगल देखने के लिए कलातुलसी, धनतुलसी, भभौरी, इटहरा, भदराव, हरिरामपुर, कलिक मवैया गांव से भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान धर्मवीर सिंह, छोटेलाल चौबे, आदित्य सिंह, अमर बहादुर, अंकित, दिनेश, बच्चा, श्रीश, कला, बबलेश पांडेय, पवन, शिवम, डीएम सिंह, आकाश समोसा, हजारी, छोटकउ, कृष्ण कुमार, आशीष मिश्र सहित अन्य रहे।