विकास खंड के गरला गांव स्थित राजकीय हाईस्कूल में रविवार को नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण समारोह पूर्वक किया गया। मुख्य अतिथि विशाल भारत संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव व विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह रहे।
वक्ताओं ने नेताजी के आदर्शों और देशभक्ति की भावना को विद्यार्थियों के जीवन में उतारने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही राष्ट्र को मजबूत बनाया जा सकता है। विशाल भारत संस्थान की राष्ट्रीय महासचिव अर्चना भारतवंशी, निरंजन श्रीवास्तव, धीरज श्रीवास्तव, डा. मुकेश श्रीवास्तव, मुकेश केशरी, अर्चना पांडेय आदि ने विचार व्यक्त किया। संचालन डॉ. नीलम वर्मा ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्कूल की प्रधानाचार्या विद्योत्मा श्रीवास्तव ने किया।