औराई ब्लाक में जिला पंचायत के छह वार्ड के लिए 131 प्रत्याशी और बीडीसी के 159 वार्ड के लिए 917 प्रत्याशी मैदान में हैं। 137 मतदान केंद्रों पर दो लाख 25 हजार 803 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिले में चार चरणों में होने वाले मतदान में पहले चरण का चुनाव नौ अक्टूबर को भदोही ब्लाक में संपन्न हो गया। पहले चरण का चुनाव सकुशल संपन्न होने के बाद प्रशासन ने दूसरे चरण के चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से कराने में जुट गया है।
सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को रविवार को वाहन आवंटित किए गए। दूसरे चरण में औराई ब्लाक के छह जिला पंचायत वार्डों और 159 बीडीसी वार्ड में 13 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान से 24 घंटे पूर्व रविवार शाम पांच बजे प्रत्याशियों का प्रचार थम गया, हालांकि दबे पांव प्रत्याशियों ने मतदाताओं के घर-घर जाकर अपने पक्ष में वोट करने की गुजारिश की। दो लाख 25 हजार 806 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी डीएस शुक्ला ने बताया कि 44 संवेदनशील, 36 अतिसंवेदशील के अलावा सात विशेष संवेदनशील केंद्र चिन्हित हैं। ऐसे केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
इनसेट
पूरेमुड़िया बूथ पर दुबारा होगा मतदान
ज्ञानपुर। पंचायत चुनाव के पहले चरण में भदोही ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय पूरे मुड़िया के बूथ संख्या 333 में दुबारा मतदान कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश बिंदु ने बताया कि द्वितीय चरण के मतदान के दिन 13 अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे मतदान होगा। उन्होंने बताया कि नौ अक्टूबर को उक्त बूथ पर किन्ही कारणों से देर से मतदान शुरू हुआ था, वहां पर कुछ खामियां भी सुनने को मिली थी, जिसको देखते हुए वहां पुर्नमतदान होगा। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी आशीष कुमार को वहां जोनल मजिस्ट्रेट और नायब तहसीलदार विवेकानंद मिश्र को स्टेिटिक मजिस्ट्रेट नामित किया है।