ज्ञानपुर।स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया है कि सरकार के लचर रवैये से आम लोगों को अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। चिकनगुनिया, डेंगू, मलेरिया जैसे रोग गांव से लेकर शेर को अपनी चपेट में ले रहा है। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया।
पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडेय ने कहा कि संक्रामक रोग का प्रकोप प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा है। सरकार रोकथाम की बजाए सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। अस्पतालों में दवाओं की किल्लत से मरीजों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। दवाओं की कमी से मरीजों का आर्थिक और मानसिक रूप से शोषण किया जा रहा है। पूर्व जिला महामंत्री नागेंद्र सिंह ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग सिर्फ सत्ता को भोगना चाहते हैं, जनता की समस्या से उनको लेना देना नहीं है।
इस दौरान पूर्व विधायक पूर्णमासी पंकज, हीरालाल पासवान, छत्रपति सिंह, सतीश चंद्र पांडेय, दिनेश पांडेय, सपना दूबे ने संबोधित किया। इस मौके पर बालदत्त पांडेय, दीपक मिश्र, वीरेंद्र शुक्ल, सुरेश पासी, लालमणि मिश्र, अरविंद शुक्ल समेत कई लोग मौजूद रहे।