भदोही। इस वर्ष हजयात्रा पर जाने वालों के लिए खुद्दामे हज समिति द्वारा शनिवार की शाम जलालपुर स्थित तकवा स्कूल में प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में जनपद से आए हजयात्रियों को हजयात्रा के दौरान अमल में लाई जाने वाली खास बातों की जानकारी देते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय तिरंगे को हमेशा जेहन में रखें, रास्ता भूलने पर यह तिरंगा ही आपको रास्ता दिखाएगा।
वाराणसी से आए राज्य हज समिति के मास्टर ट्रेनर, डा.अकबर अली ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोगों को बताया कि अव्वल तो यह कि आप सभी लोग बारगाहे अल्लाह में पहुंच कर अपनों के साथ साथ पूरी कायनात के लिए दुआ करें। इससे आपकी जिंदगी में भी खुशहाली आएगी। बताया कि मदीने में 40 वक्त की नमाज अदा करनी है और जब हरम शरीफ पर नजर पड़े तो दुआ करें कि या अल्लाह मेरी सभी दुआएं कबुल फरमा।
लोगों को बताया गया कि हज के दौरान भारतीय खेमे की पहचान तिरंगे से ही होगी। इसलिए अगर कभी रास्ता न समझ में आए तो अपना तिरंगा ढूंढिए। इससे आपको काफी मदद मिलेगी। लोगों को बताया कि अपना पासपोर्ट, अहम कागजात सब एक साथ रखें ताकि आवश्यकता पड़ने पर मिल जाएं। लोगों को यह भी बताया गया कि हज के सफर पर रवाना होने से पहले दो रेकात नमाज अदा करें। इसके अलावा वाल्दैन की रजामंदी भी हासिल कर लें। जुनैद अली खां, हाजी सलमान, डा.अजफर, अख्तर अंसारी, हाजी अब्दुल कय्यूम ने भी अमह जानकारी दी। धन्यवाद ज्ञापन जिला ट्रेनर हाजी आजाद खां ने किया। जबकि अब्दुल कादिर, हाजी सौदागर अंसारी, हाजी इजहार अली, हाजी मुनीर अहमद, हाजी यूसुफ इमाम, हाजी इस्तीयाक, हाजी अब्दुल बारी, सैय्याज अंसारी, शाहिद हुसैन, हाजी अब्दुल सत्तार, हसनैन अंसारी, मौ.अब्दुस्समद आदि भी रहे।