13 सभासदों के गुट का आरोप है कि जब बैठक में मनमानी नहीं चल सकी तो अधिशासी अधिकारी ने बैठक अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दी। इसके पूर्व सामान्य ढंग से शुरू हुई बैठक धीरे धीरे हंगामे की भेेंट चढ़ गई। काफी देर तक तो इस बात के लिए हंगामा होता रहा है कि पक्ष में कितने हैं और विपक्ष में कितने?
दो महीने बाद गुरुवार की बैठक हो रही थी। असंतुष्ट सभासदों ने बुधवार को डीएम से मिल कर फोर्स तैनात करने की मांग कर अपने तेवर पहले ही जता दिए थे। बैठक जब शुरू हुई तो शफीक अहमद गुट के 13 और दूसरे गुट के 10 सभासद मौजूद थे। बढ़त का लाभ उठा कर शफीक अहमद गुट ने एजेंडे के 20 प्रस्तावों को एक के बाद एक खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मोहर्रम और दुर्गापूजा से जुड़े प्रस्तावों को ही वे हरी झंडी दे रहे हैं। बाकी को अगली बैठक तक टाल दिया गया। यह सब देख कर दूूसरे गुट ने पक्ष और विपक्ष की गिनती करने को कहा। इस पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। इसको लेकर खूब नारेबाजी हुई। तब सदन में मौजूद 23 में से शफीक अहमद, रविंद्र मौर्य, जाकिर हुसैन, अमजद सोमारु, हफीजुल्ला शाह, दीपू विश्वकर्मा, खुशबुननिशा, शीला बिंद, साहबे आलम, शाहिद एकराम, जाकिरा बेगम, शबनम बानो, और शीला देवी अधिशासी अधिकारी, अली अहमद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विपक्ष में खड़े हो गए।
असंतुष्ट सभासद ईओ पर आरोप लगाते हुए उन्हें सदन में ही आज की कार्रवाई लिखने का दबाव बनाने लगे। इस पर ईओ ने कार्रवाई में आज की बैठक को स्थगित लिख कर बैठक टाल दी। असंतुष्ट नामित सभासद हसनैन अंसारी ने कहा कि आज जब हम लोगों की बहुमत थी तो बैठक स्थगित कर दिया गया। इससे साफ हो गया है कि बोर्ड में तानाशाही चल रही है। उन्होंने कहा कि वे लोग इस बात को डीएम और मंडलायुक्त के दरबार में ले जाएंगे।
----------------------------------------------
इनसेट
विकास में बाधा डालने का आरोप
भदोही। पालिका के सभासद दानिश सिद्दीकी ने 13 सभासदों पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज की बैठक में 86 लाख से बनने वाले दरोपुर, शहाबाबाद, मथुरापुर में बनने वाले इंटरलाकिंग मार्ग और अंडर ग्राउंड नाली निर्माण का प्रस्ताव भी था जिसे लोगों ने रोक दिया। आरोपों को खारिज करते हुए नामित सभासद हसनैन अंसारी ने कहा कि हम लोगों ने प्रस्तावों को खारिज नहीं बल्कि अगली बैठक में रखने को कहा है।