गोपीगंज। विपणन विभाग की टीम ने सोमवार को नगर में चीनी के थोक कारोबारियों की दुकानों पर अचानक दबिश दी। टीम ने करीब छह दुकानों की जांच की गई। इस कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए।
विपणन अधिकारी आरती शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने मुख्य बाजार और खरहट्टी मोहाल में जांच अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों पर चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस और अन्य आवश्यक कागजातों की बिंदुवार जांच की। इससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम ने स्टॉक रजिस्टर में दर्ज मात्रा का मौके पर उपलब्ध चीनी के स्टॉक से मिलान किया। लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात भी देखे गए। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर पर लाइसेंस नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करने का निर्देश दिया। मौके पर खाद्य अधिकारी देवराज सिंह भी मौजूद रहे। टीम ने चीनी के अवैध भंडारण और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की।