औराई तहसील में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में कैयरमऊ ट्रेन हादसे का मुद्दा छाया रहा। कैयरमऊ के 32 ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर घटना की सीबीआई जांच की मांग की। इनमें पांच बिंदुओं की प्रमुखता से जांच कराने की मांग की गई है।
गत सोमवार को कैयरमऊ गांव में ट्रेन और स्कूली वैन की टक्कर में आठ बच्चों की मौत हो गई थी। इस मामले में स्कूल वैन चालक की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे। राजनीतिक दलों से लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने इस घटना की सीबीआई जांच की मांग की है। मंगलवार को औराई तहसील में कैयरमऊ गांव के 32 ग्रामीणों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर सीबीआई जांच की मांग की। इसमें पांच बिंदुओं के आरोपों पर ध्यान दिलाया गया। इसमें उल्टे दिशा से बच्चों को पहले वैन में बैठा लेना, गेट मित्र के रोकने के बावजूद वाहन को न रोकना, ट्रेन के हार्न बजाने पर भी वाहन न रोकना आदि बिंदुओं पर ध्यान आकृष्ट कराया गया। ग्रामीणों ने कहा कि साजिश की सही जांच सीबीआई से हो सकती है। डीएम को प्रार्थना पत्र देने के दौरान कुछ ग्रामीणों के आंखें छलक गईं। यह देख तहसील दिवस का माहौल भी शांत हो गया। पत्रक देने वालों में माता सेवक मिश्र, गौरव कुमार दूबे, राम अकबाल दूबे, इंद्रमणि मिश्र, दयाराम प्रजापति, सालिक पासी, सुशील गिरी, रामजश दूबे, श्याम मिश्र, सुनील कुमार दूबे, संजय दूबे, रत्नेश कुमार, राजकुमा रयादव, शिवधनी, शेषधर दूबे, विंध्यवासिनी गौड़, शुभम यादव, गोविंद मिश्र समेत अन्य लोग रहे।