सुरियावां। नगर में 22 लाख की लागत से बनने वाली इंटरलाकिंग दो महीने में ही धंसने लगी है। वार्ड 7 के नयागंज स्टेशन रोड और दुबान बस्ती से नीमकौरिया तालाब के हनुमान मंदिर तक बनने वाली 155 मीटर इंटरलॉकिंग का एक हिस्सा दो महीने में ही धंसने लगा है।
इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सुरियावां के नीमकौड़िया तालाब हनुमान मंदिर जाने वाले रास्ते के लिए 22 लाख रुपये जारी किए गए थे। नगर पंचायत द्वारा मंदिर पहुंचने वाले दो रास्ते दुबान बस्ती से मंदिर तक 80 मीटर 12 लाख और नयागंज से मंदिर तक 75 मीटर इंटरलाकिंग 10 लाख की लागत से यू आकार में बनाने की योजना तैयार की गई। नगर पंचायत की ओर से दोनों तरफ की सड़कें तो बना दी गई, लेकिन उसे जोड़ना भूल गई। वहीं नयागंज से मंदिर तक वाले मार्ग पर दो से तीन जगहों पर इंटरलॉकिंग धंसने लगी है।
ईओ सुजीत कुमार ने बताया कि बारिश के बाद मिट्टी धंसने से इंटरलॉकिंग धंस गई है। कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी की गई है। जल्द ही इसकी मरम्मत की जाएगी।