ज्ञानपुर। सफाईकर्मी पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर विकास भवन में अभ्यर्थियों का अनशन 52वें दिन बुधवार को भी जारी रहा। ठंड में अनशन पर बैठे शिवप्रसाद, रामलाल, विक्रमा यादव, जयप्रकाश पाल, कमलेश कुमार, सूर्यप्रकाश गौतम की तबीयत खराब हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर उपचार किया।
अभ्यर्थियों ने कहा कि जब धारा 370 और 24 घंटे में सोनभद्र का मामला हल हो सकता है तो 12 वर्ष से जिले में लटक चुकी नियुक्ति प्रक्रिया क्यों नहीं शुरू की जा सकती। अधिकारी और जनप्रतिनिधि नहीं चाहते हैं कि किसी गरीब, मजदूर, किसान परिवार को दो वक्त की रोटी का जुगाड़ हो। बेरोजगार आवेदन कर यह मंशा पाल रखे थे कि उनको नौकरी मिलेगी और उनकी तंगहाली दूर होगी। भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत के चलते नियुक्ति को पूर्ण नहीं किया जा सका। इस मौके पर दिव्या पाठक, सुरेंद्र कुमार, रामबिहारी, दिनेश कुमार, जगत देव, आनंद कुमार मौर्य, रामधनी, धर्मेंद्र कुमार, अजय मौर्या आदि रहे।