नगर पंचायत ज्ञानपुर से पानी की निकासी के लिए दो साल पूर्व से नाला निर्माण चल रहा था। नगर के बाहर भिदिउरा गांव के समीप तक नाला बना है। नदी में जाने के लिए एक छोटे बाहे तक उसे नहीं पहुंचाया गया।
इससे नगर के विभिन्न मोहल्लों से निकलने वाला प्रदूषित पानी उक्त नाले से होकर भिदिउरा गांव के ग्रामीणों के खेत में फैल रहा है। इससे रबी और खरीफ सीजन में ग्रामीण खेती नहीं कर पाते।
करीब 10 बीघे खेत में हर समय पानी भरा रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को ग्राम प्रधान संजय पाठक, डा. राजकुमार पाठक समेत अन्य ग्रामीणों ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि अविलंब इस पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो उक्त नाले को बंद कर दिया जाएगा।
इस संबंध में एसडीएम विपिन कुमार ने कहा कि इस मामले को दिखवाया जाएगा।