फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा: गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। स्नान के प्रमुख पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को जिले के गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रामपुर, सीतामढ़ी, भोगांव समेत विभिन्न घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। इस दौरान घाटों पर मेले जैसा दृश्य रहा। जबकि घाटों से नगर क्षेत्र की तरफ जाने वाले रास्तों पर पूरे दिन श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा।
विज्ञापन

कार्तिक मास की पूर्णिमा पर गंगा स्नान का खास महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट हो जाते हैं। इसके निमित्त मंगलवार को भोर में चार बजे से ही गंगा स्नान शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देवालयों में पूजन किया। गंगा घाटों पर दूर-दराज से लोग स्नान करने पहुंचे थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक दिन पूर्व ही घाटों पर पहुंचकर डेरा डाल दिया था। रामपुर गंगा घाट पर भोर में ही स्नान करने वालों की भीड़ जमा हो गई। सूर्योदय होते-होते हजारों लोग स्नान कर चुके थे। इस दौरान जयकारे और वैदिक मंत्रोच्चार से घाट का वातावरण भक्तिभाव में लीन नजर आया। दिन भर यहां स्नान का सिलसिला चलता रहा। सीतामढ़ी गंगा घाट पर तड़के ही आसपास के दर्जनों गांवों के श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे और गंगा में डुबकी लगाकर पुण्यलाभ लिया। इसी तरह औराई क्षेत्र के भोगांव घाट पर भी स्नान के लिए लोगों का रेला लगा रहा। यहां घाट पर आयोजित मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी की। श्रद्धालुओं के आवागमन से औराई चौराहे पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। बिहरोजपुर, बेरासपुर, इब्राहिमपुर, गुलौरी आदि घाटों पर लोगों ने कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। पुलिस अधिकारी लगातार चक्रमण कर रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें