ज्ञानपुर। नगर पंचायत ज्ञानपुर के वार्ड नंबर छह कुंवरगंज में जाम पड़ी नाली की सफाई न होने से नाराज नागरिकों ने रविवार को प्रदर्शन किया। सभासद रंजना श्रीवास्तव के साथ एकजुट नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर निकायों को स्वच्छ रखने के लिए पुरस्कृत करने का दावा किया जाता है लेकिन शिकायत के बाद भी साफ-सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने में नगर प्रशासन उपेक्षा कर रहा है।
कहा कि वार्ड में दर्जनों परिवार रहते हैं जिनके घरों का गंदा पानी नाली से होकर आगे बढ़ता है। जिसको कुछ मनबढ़ों ने बांध दिया है। इससे घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर बहता है। सफाई नायक, अधिशासी अधिकारी, नगर अध्यक्ष से शिकायत की गई लेकिन अभी तक न बंधी नाली को खुलवाया जा सका न जलमग्न वार्ड की सड़क को गंदे पानी से मुक्त कराने की कोई उम्मीद देखी जा रही है। सोमवार तक समस्या का समाधान नगर प्रशासन नहीं करा सका तो डीएम को ज्ञापन देंगे। प्रदर्शन करने वालों में कृष्णावतार त्रिपाठी राही, संतोष श्रीवास्तव, ओमप्रकाश पांडेय कृष्णकुमार श्रीवास्तव, पप्पू वर्मा, विनय कुमार श्रीवास्तव,देवेश श्रीवास्तव, गांधी वर्मा, रंजीत, अमित श्रीवास्तव, डॉ.दिलीप श्रीवास्तव, रमेश जायसवाल, प्रशांत श्रीवास्तव आदि रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष हीरालाल मौर्य ने कहा कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो कर्मचारियों को भेजकर सही कराया जाएगा।