कसियापुर पीएचसी पर खाली पड़ी चिकित्सक की कुर्सी। संवाद
ज्ञानपुर। जिले के 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 1365 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। उधर, कसियापुर पीएचसी पर प्रभारी की लापरवाही सामने आई है। सुबह 11.45 बजे तक चिकित्सक अस्पताल नहीं पहुंचे थे। पीएचसी पर आने वाले मरीजों का उपचार फार्मासिस्ट कर रहे थे।
कसियापुर में 70 से अधिक की ओपीडी होती है, लेकिन यहां सुविधाएं नाकाफी हैं। डॉक्टरों व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के आने का कोई समय नहीं है। आरोग्य मेले में मौसमी बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। जिसमें सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार, बदन दर्द आदि के मरीज ज्यादा रहे। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि आरोग्य मेले में लापरवाही बरती गई है। पीएचसी प्रभारी से जवाब मांगा जाएगा। आरोग्य मेले का नियमित निरीक्षण करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी का एक दिन का वेतन रोका जाएगा। सीएचसी अधीक्षक गोपीगंज और एसीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।