ज्ञानपुर। डीएम शैलेष कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने केंद्राध्यक्षों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सर्वाेपरि है। पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराना प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही बरतने पर कार्रवाई तय होगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले को तीन जोन और 12 सेक्टरों में बांटा गया है। इसके लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को नामित किया जा चुका है। एडीएम ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहें। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापकों की होगी। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी नकल या गड़बड़ी की शिकायत मिली तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा 94 केंद्रों पर होगी। इसमें 55 हजार 688 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
हाईस्कूल में 27 हजार 545 और इंटरमीडिएट में 28 हजार 143 परीक्षार्थी शामिल होंगे। एडीएम ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए। प्रश्नपत्रों के वितरण से लेकर परीक्षा संपन्न होने तक हर चरण में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि छोटी सी चूक भी बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।