बाजार में बृहस्पतिवार की रात चाकू मारकर हुई युवक की हत्या के मामले में शुक्रवार को बखेड़ा हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही युवक के घर की महिलाएं भड़क गईं और बाजार के ही एक व्यक्ति पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए उसके घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान उसके घर पर तोड़फोड़ की गई और ईंट-पत्थर भी चलाए गए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और घर में दुबकी महिलाओं को बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
चौरी बाजार में बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे चाकू मारकर सूरज मोदनवाल की हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिवार वाले बिलखने लगे और उनका गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं उग्र हो गईं और थोड़ी ही दूरी पर स्थित सोनू सेठ के मकान पर धावा बोल दिया। उनका आरोप था कि उसी ने अपने भाई के साथ मिलकर सूरज की हत्या कराई है। महिलाएं ईंट-पत्थर लेकर सोनू के घर पहुंच गईं। दरवाजा की सिटकिनी उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर कोई नहीं मिला तो पास में रखे इन्वर्टर को पटक कर तोड़ दिया। इसके बाद दूसरा दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। अंदर महिलाएं दुबकी पड़ी थीं। बताया जाता है कि उस वक्त सोनू के घर पर कोई पुरुष नहीं था। इस बीच जानकारी पाकर मौके पर चौरी चौकी इंचार्ज शिवशंकर सिंह पहुंच गए और किसी तरह उन लोगों को रोका। इसके बाद पुलिस ने घर के अंदर मौजूद महिलाओं को बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर दोनों घरों के बीच पीएसी तैनात कर दी गई। इसके बाद पुलिस ने सोनू के परिवारीजनों को उनके घर पहुंचाया। दूसरी ओर मृतक के परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बता दें कि इस मामले में मृतक के परिवारीजनों ने तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।