नेशनल इंटर कालेज में प्रेस वार्ता को संबोधित करते केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री संतोश गंगवार
भदोही। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री संतोष गंगवार ने रविवार को कहा कि देश की अर्थव्यवस्था सुधारने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के बाद से अब तक का सबसे बड़ा निर्णय लिया है। इस निर्णय से अर्थव्यवस्था सुधरेगी, काला धन, आतंकवाद और जाली नोटों पर रोक लगेगी। आज जिन्हें थोड़ी दिक्कत हो रही है, वे जानते हैं कि कल बेहतर होगा। वह रविवार को नेशनल इंटर कॉलेज में पार्टी की परिवर्तन यात्रा की प्रेस कांफ्रेेंस में पत्र प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पांच सौ और हजार के बड़ नोट बंद करने का निर्णय केवल उन लोगों को रास नहीं आया है, जो काला धन दबाकर बैठे हैं। इस एक निर्णय से आतंकवादी गतिविधियों पर रोक लगेगी। कहा कि हजारों करोड़ की नकली भारतीय करेंसी जुटाकर हमारे खिलाफ इस्तेमाल करने वाले औंधे मुंह गिर गए हैं। कहा कि मैंने कई शहरों में देखा कि बैंकों के बाहर लाइन लगाए लोगों को दिक्कत तो हुई, लेकिन उन्होंने इस कदम की सराहना की। कहा कि नोट बदलने और पुराने नोट जमा करने के लिए निर्धारित 30 दिसंबर के बाद कुछ और कड़े फैसले आने वाले हैं लेकिन इतना भरोसा दिलाता हूं यह काला धन रखने वालों के लिए होंगे। मैं प्रधानमंत्री की सराहना करूंगा कि उन्होंने इस निर्णय की किसी को भनक तक नहीं लगने दी। आने वाले दिनों में हम इसके असर से महंगाई कम होते देख सकेंगे।
इसी क्रम में उन्होंने कहा कि 16 सौ करोड़ रुपये काला धन निकालने की जो योजना है, उससे पूरे देश को लाभ पहुंचेगा। इस दौरान सांसद वीरेंद्र सिंह, राष्ट्रीय सचिव महेंद्र सिंह, प्रभारी लक्ष्मीशंकर मिश्रा, हौसिला प्रसाद, ओमप्रकाश पांडेय भी मौजूद रहे।