भदोही कोतवाली के छितिउना गांव से होकर बहने वाली वरुणा नदी में डूबकर सनी (13) निवासी नरोत्तमपुर-बरदहवां की बुधवार को मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि सनी कई दिनों से अपने ननिहाल छितिउना में रह रहा था।
जीवित्पुत्रिका पूजन के लिए वरुणा नदी किनारे स्थित मंदिर घाट की साफ-सफाई करने चार अन्य बालकों के साथ गया था। साफ-सफाई के बाद सभी बालक वरुणा नदी में नहाने लगे उसी समय सनी गहरे पानी में चला गया। अन्य लोगों के चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाकर बाहर निकाला और मामा सुशील विश्वकर्मा को सूचना दी। मामा ने आनन-फानन में सनी को भदोही नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दोपहर बाद सनी का शव पैतृक आवास नरोत्तमपुर-बरदहवां पहुंचा तो परिवार के लोग बिलख पड़े। मृतक सनी के पिता टिंकू विश्वकर्मा मुंबई रहते हैं। घर आने पर दाहसंस्कार किया जाएगा।