कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को नगरीय निकाय की बैठक में डीएम शैलेष कुमार के तेवर तल्ख हो गए। समीक्षा के दौरान जबब घोसियां के चेयरमैन पति सवालों का जवाब देने के लिए उठे। इसको लेकर डीएम नाराज हो गए। पहले तो उन्हें बाहर जाने को कहा, हालांकि बाद में चेयरमैन बेबी ने तबियत खराब होने का हवाला दिया तो बैठने दिया।
इस दौरान डीएम ने चेयरमैन से नगर की समस्या एवं कुल वार्ड के बारे में जानकारी मांगी तो वह चुप हो गई। वह नगर के सभी वार्ड का नाम तक नहीं बता सकीं। इसको लेकर डीएम ने नाराजगी जताई और सभी को निर्देश दिया कि बैठकों में प्रतिनिधि या उनके पति भविष्य में न आएं। डीएम ने कहा कि नगरीय निकाय की बैठक हो या ब्लॉक प्रमुखों की। समीक्षा के दौरान सिर्फ निर्वाचित महिला प्रतिनिधि ही रहे। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत का निस्तारण में शिथिलता न बरती जाए। त्वरित मामले का समाधान किया जाए। नगरों में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट बदलने और सीवर को लेकर सबसे अधिक शिकायतें आती हैं। ऐसी शिकायत का निस्तारण करके आख्या लगाई जाए। बैठक में प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, गोपीगंज के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता व ज्ञानपुर के घनश्याम दास गुप्ता, सुरियावां विनय चौरसिया, नई बाजार निर्मला सोनकर, घोसिया से बेबी, भदोही से अतहर अंसारी आदि मौजूद रहे।