बिसही में मृत बालक के शव को कब्र से निकलवाती पुलिस। स्रोत पुलिस
सुरियावां। कोतवाली क्षेत्र के बिसही हरिहरपुर गांव में मृत मासूम पिंटू का शव बृहस्पतिवार को गठित टीम की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उसकी मौत जंगली जानवर के हमले से हुई या किसी और कारण से यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा। औराई के ऊगापुर निवासी पट्टर बनवासी अपनी पत्नी और पांच साल के बेटे पिंटू बनवासी के साथ अपने साले बुलकी उर्फ फूलचंद बनवासी के घर सुरियावां कोतवाली के बिसही हरिहरपुर गांव में आया था। बताया जा रहा है कि वे अक्सर अपने साले के घर आता-जाता रहता था। मंगलवार की रात पिंटू के माता-पिता बगल के गांव हरिहरपुर में किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
पिंटू गांव में अपने फूफा फूलचंद के साथ घर पर ही सोया था। उसी दौरान कोई जानवर उसे झाड़ियों में लेकर चला गया। शोर सुनकर पहुंचे लोग उसे अस्पताल ले गए। जहां उपचार के बाद घर लौटने पर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के शव को दफना दिए।
डीएम शैलेष कुमार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार विजय कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन यति, राजस्व निरीक्षक हरिश्चंद्र प्रसाद, क्षेत्रीय लेखपाल अजय सिंह और थाना प्रभारी अश्वनी त्रिपाठी की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर पिंटू के शव को निकाला गया।
प्रभारी निरीक्षक अश्वनी त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी।