मोढ़। इलाके के कोकलमऊ देईपुर गांव में ग्राम समाज की जमीन पर कराए जा रहे निर्माण को मंगलवार को प्रशासन ने जेसीबी लगाकर ढहा दिया। बिना किसी अनुमति के ग्राम समाज की जमीन पर निर्माण कराने के आरोप में प्रशासन ने यह कार्रवाई की। इससे भवन निर्माण करा रहे लोगों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि मंदिर निर्माण कराया जा रहा था, जिसे बिना पैमाइश के ढहा दिया गया।
गौरतलब है कि गांव निवासी जनमेजय मिश्रा अपने घर से कुछ दूरी पर भवन निर्माण करा रहे थे। उनके मुताबिक वह हनुमान मंदिर के लिए भवन निर्माण करवा रहे थे। दो दिन पूर्व अराजक तत्वों ने वहां बनाए गए चबूतरे को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस-प्रशासन से की थी। मंगलवार को सुबह एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन भवन को ढहा दिया। उनका कहना था कि यह भवन ग्राम समाज की जमीन पर बिना अनुमति के बनाया जा रहा है। इसके बाद खलबली मच गई। इस कार्रवाई पर निर्माण करा रहे लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। कहा कि ग्राम समाज की जमीन और हमारी जमीन सटी हुई है। बिना पैमाइश के ही प्रशासन ने निर्माणाधीन मंदिर के भवन को गिरा दिया। उधर पुलिस ने गांव में तनाव को देखते हुए छह लोगों का चालान शांतिभंग की आशंका में कर दिया।
एसडीएम भदोही, आशीष मिश्रा का कहना है कि वहां कोई मंदिर नहीं था। ग्राम समाज की जमीन पर भवन निर्माण कर अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा था। बिना अनुमति के यह संभव नहीं है। इसलिए उसे गिरा दिया गया।