कैयरमऊ ट्रेन दुर्घटना में आठ बच्चों की मौत के मामले में आरोपी टेंडर हार्ट्स इंग्लिश स्कूल के प्रिंसिपल एसपी विश्वकर्मा को बुधवार को औराई थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि इस मामले में दो अन्य आरोपी स्कूल के मालिक और प्रबंधक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे हैं।
कैयरमऊ रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन से टकराकर स्कूल वैन के आठ बच्चों की मौत के मामले में स्कूल प्रबंधन पर शिकंजा कस गया है। वैन चालक के अलावा स्कूल मालिक सुरेंद्र बरनवाल, प्रबंधक कीर्तन कोकिला और प्रिंसिपल संकठा प्रसाद विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर केस की तफ्तीश में जुुटी पुलिस ने बुधवार को प्रिंसिपल को घोसिया से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी प्रिंसिपल पर आईपीसी की धारा 109, 336 और 304 के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस को प्रिंसिपल के घोसिया में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इस पर औराई थानाध्यक्ष सत्येंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया। जबकि स्कूल मालिक और प्रबंधक की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि गत 25 जुलाई को वाराणसी-इलाहाबाद रेल रूट के माधोसिंह और कटका रेलवे स्टेशनों के बीच कैयरमऊ रेलवे क्रॉसिंग पर टेंडर हार्ट्स इंग्लिश स्कूल की बच्चों से भरी वैन ट्रेन से टकरा गई थी। इसमें आठ बच्चों की मौत हो गई थी। तीन घरों के चिराग बुझ गए थे।