कैयरमऊ ट्रेन हादसे के बाद घोसिया स्थित टेंडर हार्ट्स स्कूल की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। सोमवार को एसडीएम केशवनाथ, सीओ सुनील कुमार और एआरटीओ सत्येंद्र सिंह यादव ने विद्यालय पर छापेमारी की। अचानक छापेमारी से विद्यालय में खलबली मच गई। जांच में पाया गया कि स्कूल के आठ वाहनों में चार बिना परमिट के चल रहे हैं, जिसमें हादसे वाला वाहन भी शामिल रहा। बिना परमिट वाहन चलाने के मामले में एसडीएम ने चारों वाहनों को सीज कराते हुए प्रबंधक, प्रधानाचार्य और मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
घोसिया स्थित टेंडर हार्ट्स स्कूल में औराई के कई गांव के बच्चे पढ़ते हैं। सोमवार को कैयरमऊ ट्रेन हादसे में टेंडर हार्ट्स स्कूल में पढ़ने वाले कैयरमऊ और मटियारी के आठ बच्चों की मौत हुई थी। हादसे के बाद प्रशासन ने विद्यालय के खिलाफ सख्त कदम उठाना शुरू किया। सोमवार को एसडीएम केशवनाथ, सीओ सुनील कुमार और एआरटीओ सत्येंद्र सिंह यादव ने अचानक विद्यालय पर छापेमारी की, जिससे विद्यालय परिसर में खलबली मच गई।
जांच टीम ने विद्यालय के आठ वाहनों की जांच की, जिसमें पांच मैजिक और दो बसें शामिल रहीं। जांच में यह पाया गया कि चार वाहन बिना परमिट के हैं। कैयरमऊ हादसे में शामिल वाहन भी बिना परमिट का मिला। एसडीएम ने चारों वाहनों को सीज करा दिया। बिना परमिट वाहन चलाने के मामले में एसडीएम ने प्रबंधक कीर्तन कोकिला, प्रधानाचार्य एससी विश्वकर्मा और स्कूल मालिक सुरेंद्र बरनवाल के खिलाफ औराई थाने में मुकदमा दर्ज कराया। प्रबंधक समेत सभी के फरार होने से विद्यालय की मान्यता से जुड़ी जांच नहीं हो सकी।