हफ्तेभर से लगातार चढ़ते पारे ने सोमवार को 40 का आंकड़ा छू लिया। अप्रैल के पहले हफ्ते में ही आसमान से आग बरसने से लोग बेहाल हो गए हैं। सोमवार इस सीजन का अब तक सबसे गर्म दिन रहा। इससे जनजीवन उबल गया। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया।
न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। सुबह नौ बजे के आसपास ही आसमान में बरसती आग मानो जेठ का एहसास कराने लगी हो। तेज धूप में काम के सिलसिले में घर से बाहर निकले लोग जहां उबल गए, वहीं आर्द्रता के बढ़ते स्तर ने थकान का एहसास करा दिया। गर्मी शुरू होते ही प्रचंड धूप ने लोगों को हतप्रभ कर दिया है। मौसम में तेजी से होते परिवर्तन को लेकर जानकार भी अचंभित हैं। अगर अभी यह स्थिति है तो मई और जून में क्या होगा। खेती-बारी के लिए सिवान में काम करने को मजबूर किसान भी धूप से परेशान रहे ।
चिलचिलाती धूप के चलते सोमवार को जिले की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो गया। तेज धूप और गर्मी से हलकान तमाम लोग शीतल पेय पदार्थों और खीरा-ककड़ी आदि की दूकानों पर जमे दिखे। नारियल पानी और गन्ने का रस पीने के लिए ठेलों पर भारी भीड़ लगी रही। जानकारों की राय में पिछले साल की तुलना में अब तक इस सीजन में तापमान में पांच से छह डिग्री की बढ़ोतरी हो गई है।