ज्ञानपुर। मानदेय में बढ़ोतरी के लिए मंगलवार को मनरेगा तकनीकी सहायक एसोसिएशन के बैनर तले 25 से अधिक तनकीकी सहायकों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। मानदेय कम से कम 45 हजार करने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष संदीप कुमार मौर्य ने कहा कि मनरेगा और विकसित भारत गारंटी योजना केंद्र और राज्य सरकार की बहुत जरूरी योजनाएं हैं। इनसे लाखों कुशल और अकुशल मजदूरों को रोजगार मिलता है। गांवों में स्थायी संपत्ति भी बनती है, इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को फायदा होता है। फील्ड का कार्य होने के कारण हर महीने छह से सात हजार सिर्फ पेट्रोल पर खर्च हो जाता है। तकनीकी सहायकों का कहना था कि इतना जरूरी काम करने के बावजूद वे खुद को शोषित महसूस कर रहे हैं। मांग की है कि उनका मानदेय बढ़ाकर जूनियर इंजीनियर के मूल वेतन की तरह 45 हजार रुपये प्रति माह किया जाना चाहिए। चेतावनी दी कि 26 सितंबर तक उनकी मांगों के प्रति सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो तकनीकी सहायक 28 सितंबर से इको गार्डन में धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान अवधेश कुमार पांडेय, अशोक सिंह, सतीश कुमार पांडेय, सुभाष चंद्र, राजकुमार, विमल आदि मौजूद रहे।