ज्ञानपुर। शिक्षा सुधार केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षकों की क्षमता वृद्धि और डिजिटल दक्षता को प्राथमिकता दी जा रही है। शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला चरण दीक्षा पोर्टल के माध्यम से शुरू हो गया है। इसके माध्यम से प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा-12 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले में कुल 885 परिषदीय और 200 माध्यमिक एवं इंटर कॉलेज संचालित हैं। इसमें 5500 से छह हजार शिक्षक तैनात हैं। नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद से ही शिक्षकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा रहा है। बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला चरण शुरू हो गया है।
प्रशिक्षण के लिए नामांकन 31 अगस्त तक होगा, जबकि पाठ्यक्रम 15 सितंबर तक संचालित किए जाएंगे। शिक्षकों को नई शिक्षा नीति, गतिविधि आधारित शिक्षण, डिजिटल संसाधनों के उपयोग, साइबर सुरक्षा और तकनीकी दक्षता से जुड़े विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी शिक्षकों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को बदलते शैक्षिक परिवेश के अनुरूप तैयार करना है।