सुरियावां कोतवाली में गिरफ्तार शिक्षक। स्रोत: पुलिस
सुरियावां (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बच्चियों से अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पाॅक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दो दिन पूर्व बीएसए ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर जांच बिठा दी थी।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जौनपुर जिले के सुरेरी थानाक्षेत्र के करौधी गांव निवासी सहायक अध्यापक सत्य प्रकाश गौतम करीब एक दशक से पढ़ा रहा है। स्कूल में अनुशासनहीनता, विलंब से आने से लेकर अन्य आरोप पहले से ही उस पर लग रहे थे। एक सप्ताह पूर्व गांव की कुछ महिलाओं ने डीएम और एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि वह बच्चियों के साथ अश्लील बातें करता है। छठी, सातवीं और आठवीं की कई छात्राओं ने भी इसकी पुष्टि की। कक्षा में पढ़ाने के बजाय वह छात्राओं से अश्लील सवाल करता था। मामला संज्ञान में आने पर बीएसए ने बीईओ से जांच कराई, जिसमें सत्यता मिलने पर उसे निलंबित कर दिया गया। दूसरी ओर मामला छात्राओं से जुड़ा होने पर एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक सत्य प्रकाश के खिलाफ पॉक्सो, छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी शिक्षक को जेल भेज दिया गया है।