ज्ञानपुर। शासन से नामित नोडल अफसर एवं जेडी स्वास्थ्य डॉ. ओपी सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डेंगू की रोकथाम की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान में अब तक की गई प्रगति के बारे में जाना। अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें। इसके बाद जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
नोडल अधिकारी ने सुबह 11 बजे महाराज चेतसिंह जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। वहां बनाए गए डेंगू वार्ड, फीवर वार्ड, ओपीडी का अवलोकन किया। यहां मछरदानी सहित सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी अस्पतालों में सभी सुविधाएं दी जाएं, जिससे लोगों को निजी अस्पतालों में न जाना पड़े। प्लेटलेट कम होने के बावजूद भी सुव्यवस्थित चिकित्सा सुविधा से मरीज रिकवरी करते हुए स्वस्थ हो रहे हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा अन्य संचारी रोग तथा दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा इनका त्वरित इलाज सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने डेंगू संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत प्रत्येक आयाम पर फीडबैक रिपोर्ट ली। जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में अभियान चलाकर साफ सफाई की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए।
जलभराव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाए। पशुपालन विभाग को निर्देश दिया कि पशुओं के टीकाकरण का कार्य शत-प्रतिशत किया जाए। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान की कार्ययोजना के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशाओं के साथ समन्वय बनाते हुए दस्तक अभियान के तहत लोगों के घर-घर जाकर जागरूक करें। कृषि विभाग से कहा कि चूहे एवं छछूंदरों के कारण फैलने वाले रोग स्क्रब टायफस को लेकर लोगों को जागरूक करें। जिला मलेरिया अधिकारी को निर्देश दिया कि अपनी टीम के साथ जिले में भ्रमण करते रहें। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।