जिला मुख्यालय पर बैठक करते नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा। स्रोत संगठन
ज्ञानपुर। नगर विकास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा बृहस्पतिवार को जिले में पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जलभराव और गंदगी पर विशेष फोकस करने पर जोर दिया। कहा कि जहां भी गंदगी दिखे उसे तत्काल हटवाएं। नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी कूड़े का ढेर न दिखे। पानी जमा होने से मच्छर जनित एवं अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सभी नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव एवं फॉगिंग कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सीएमओ को निर्देश दिया कि बारिश के मौसम को देखते हुए संचारी रोग नियंत्रण अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस मौसम में वायरल बुखार, डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियों के साथ ही स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए सभी अस्पतालों में तैयारियां समय से पूरी रखी जाएं।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, ऑक्सीजन एवं वेंटिलेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इस मौके पर जिपं अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर, विधायक विपुल दूबे, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, डीएम शैलेष कुमार, एसपी अभिनव त्यागी समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।